गरीबों के हमदर्द व इंसानियत के सच्चे पैरोकार थे कमाल यूसुफ
—- शिक्षा और सामाजिक एकता के लिए कमाल यूसुफ को सभी ने सराहा
—- सभी ने इरफान मलिक को कमाल साहब के काम को आगे बढ़ाने को कहा
अजीत सिंह
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। पूर्व विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री रहे मलिक कमाल यूसुफ की चौथी पुण्यतिथि शुक्रवार को कादिराबाद स्थित मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में श्रद्धा पूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया। इस अवसर पर लोगों ने कमाल यूसुफ की धर्म निरपेक्षता की चर्चा करते हुए कहा कि आज के दौर में वे शिद्दत से याद आ रहे हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी ने कहा कि सामाजिक सौहार्द की बात होने पर उनका नाम प्रमुखता से लिया जाता है। उन्होंने डुमरियागंज क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने स्व. कमाल को गरीबों को सच्चा हमदर्द और इंसानियत का बड़ा पैरोकार बताया।
बस्ती सदर विधायक महेंद्र यादव ने कहा कि गरीबों के हक-हकूक की लड़ाई लड़ने के कारण वह लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। समाजवादी दीपक मिश्रा, मणेन्द्र मिश्र ने कहा कि समाजहित में किए गए उनके कार्यों के कारण उन्हें आज भी याद किया जाता है।
इस अवसर पर स्व. कमाल यूसुफ के व्यक्तित्व के अनुरूप मंच पर कविताओं, गीतों गज़लों के माध्यम से उन्हें याद कर उनकी शान में कसीदे भी पढ़े गए तथा उनके पुत्र इरफान मलिक को पिता के नक्शे कदम पर चलने की अपेक्षा की गई।
कार्यक्रम में अहमद फरीद अब्बासी, ताकीब रिजवी, अनिल सिंह, पुष्पकर आदित्य सिंह, नजीर मलिक, वासिफ फारुकी, मोनू दूबे, डॉ. आफाक, सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव, दिनेश पांडेय, हमजा, सुनील पाठक, रिनधू पासवान, अशोक गुप्ता, अफसर रिजवी, काजी नियमतुल्लाह, अजय यादव सहित अन्य लोगों ने स्व. मलिक कमाल यूसुफ के योगदान को याद किया। कार्यक्रम का संचालन घिसियावन यादव ने किया। अंत में आयोजक इरफान मलिक ने सभी के प्रति आभार जताया।





