विडियो काल के दौरान प्रेमी ने फांसी लगा कर जान दी, मजबूर प्रेमिका देखती व रोती रही
नजीर मलिक
सिद्धार्थनगर। वह बड़ा कारूणिक दृश्य था। प्रेमिका से डेढ़ हजार किमी दूर बैठा प्रेमी विडयो काल के दौरान अपने गले में फांसी का फंदा डाल रहा था और प्रेमिका रोते हुए यह दिल दहलाने वाला सीन लाइव देख रही थी। प्रेमी के प्राण पखेरू उड़ चुके थे और प्रेमिका बेसुध हो चुकी थी। प्यार के इस जुनून भरे करनामे का सम्बंध जिले के डिड़ई और डुमरियागंज थाना क्षेत्र से सम्बंधित है।
खबर के मुताबिक शिव नगर डिडई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली प्रेमिका ने अपनी शादी दूसरे जगह तय होने की बात मुंबई में रह रहे प्रेमी को फोन पर बता दी। यह सुन कर प्रेमी युवक को बहुत शाक लगा। प्रेमिका की यह बात सुनने के बाद प्रेमी ने बात करते-करते अचानक फंदे से लटकर जान देने की कोशिश करने लगा। लड़की ने प्रेमी को मना भी किया मगर वह नहीं माना और बात करते करते फांसी पर झूल गया। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। मंगलवार को पुलिस लड़की के घर पहुंची और लड़की व उसके पिता से पूछताछ की। इसको लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 25 वर्षीय युवक का ड़िडई थाना क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनो की मुलाकात कैसे हुई यह पता नहीं है, परन्तु उनका विजातीय होना ही उनके प्रेम की बाधा थी। इस प्रेम संबंध की जानकारी परिजनों को हुई तो परिजन शादी से इनकार करने लगे। बाद में लड़के के परिजन शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद लड़की का प्रेमी कमाने मुंबई चला गया। लड़के के अन्य परिजन भी मुम्बई रहते थे। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने लड़की की शादी कहीं और तय कर दी।
प्रेमी के परिजनों ने लड़की पर आरोप लगाते हुए कहा कि चार दिन पहले उसने रात्रि दस बजे शादी की बात अपने प्रेमी से बताई और मंगनी की अंगूठी भी दिखाई, जिससे आहत प्रेमी ने लड़की के मोबाइल पर आनलाइन फंदा लगाकर जान दे दी। इस दौरान लड़की भी फोन पर रोती रही और फोन घंटों तक चालू रहा। जब मौके पर परिजन पहुंचे तो वह दंग रह गए। मोबाइल उठाया तो वह चालू था और फोन पर किसी लड़की के रोने की आवाज आ रही थी।
फोन पर जब परिजनों ने नाम पूछा तो उसने सारी कहानी बताई। सोमवार को परिजन युवक का शव मुंबई से गांव लाए और दफना दिया। मंगलवार को प्रेमिका के घर पुलिस पहुंची और पूछताछ की। इस संबंध में शिवनगर डिडई थाना प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं है।





