ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच देती हैं खेल प्रतियोगिताएं- श्यामधनी राही

November 5, 2026 9:04 PM0 commentsViews: 20
Share news

बनियाडीह में बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज, विधायक श्यामधनी राही ने खेलों को बताया सर्वांगीण विकास का माध्यम

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। लोटन ब्लाक क्षेत्र के बनियाडीह स्थित जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में गुरुवार को ब्लाक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह सत्र 2026-27 का आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा परिषद एवं समग्र शिक्षा सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख आशीष सिंह के उपस्थिति में पूर्व माध्यमिक विद्यालय पननी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को ऐसे आयोजनों से अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी बच्चों के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के परिणामों में प्राथमिक संवर्ग की 50 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय पननी के विकास ने प्रथम, खखरा भेलौजी के पवन ने द्वितीय तथा पननी के ब्यास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में भी पननी के विकास ने प्रथम स्थान हासिल किया। ब्यास द्वितीय तथा अमन तृतीय स्थान पर रहे।

बालिका वर्ग की लंबी कूद में सेमरी सोतियाडाड़ी की आयुषी मिश्रा ने प्रथम, महदेइया की शिवानी ने द्वितीय तथा मानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग की लंबी कूद में भेलौजी बुजुर्ग के पवन ने प्रथम, नेतवर के निखिल ने द्वितीय तथा हरिवंशपुर के शिवशंकर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विकास चंद्र मिश्र ने किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार नायक, ब्लाक व्यायाम शिक्षक रामशंकर पाण्डेय, भाजपा मंडल महामंत्री सतीश वर्मा, रुद्रनारायण पांडेय, विनोद मिश्रा, सुजीत राजभर, सतीश वर्मा, मुनीराम राजभर, शिवम विश्वास, सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply