मेगा कैंप में 6 लाख 79 हजार की हुई वसूली, 18 व 19 को भी लगेगा यह कैंप
असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। जनपद में बिजली विभाग द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिल से सम्बंधित गड़बड़ियों को ठीक करने के अलावा बिजली से संबंधित अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए गुरुवार को मेगा कैम्प का आयोजन किया गया। यह कैम्प विशेष विद्युत सेवा महा अभियान के तहत विद्युत वितरण खंड-सिद्धार्थनगर के कार्यालय में सुबह 10:00 बजे से शाम पांच बजे तक लगाया गया।
आयोजित मेगा कैंप में 224 उपभोक्ताओं से छह लाख उन्यासी हजार रुपये की वसूली हुई। यह वसूली बिजली बिल बकायेदारों से की गई, जिन्होंने अपने बकाया राशि का भुगतान नहीं किया था। बिजली विभाग ने बकाया बिलों के भुगतान के लिए एक विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत यह वसूली की गई। एक्सईएन ज्ञान प्रकाश ने बताया कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के अंतर्गत 18 एवं 19 जुलाई को भी विद्युत वितरण खंड सिद्धार्थनगर कार्यालय पर मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर लगाया जाएगा।
इसमें नए कनेक्शन, भार वृद्धि, विधा परिवर्तन, खराब मीटर व बिल से संबंधित शिकायतों का पंजीकरण 1912 पर किया जाएगा। जिनका शत प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि कैंप में अधिक से अधिक संख्या में आकर अपनी शिकायतों का पंजीकरण कराकर निस्तारण कराएं।





