हजारों दिलों के महबूब रहे महबूब आलम सिपुर्दे खाक, लोगों ने नम आंखों से दी विदाई

May 13, 2021 12:12 PM0 commentsViews: 765
Share news

कोरोना के कारण अलग अलग होकर देर रात तक संवेदनाएं व्यक्त करने आवास पर पहुंचते रहे लोग

 

सग़ीर ए खाकसार

बढनी, सिद्धार्थनगर। जागृति स्पोर्टिंग क्लब के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य महबूब आलम खान को बुधवार को बाद नमाज़े असर उनके पुश्तैनी गांव अकरहरा के कब्रिस्तान में सुपर्द ए खाक कर दिया गया। जनाज़े की नमाज़ अकरहरा के स्थानीय मदरसे में अदा की गई। लोगों ने उन्हें नम आखों से विदाई दी और मगफिरत की दुआ भी मांगी।

जनाजा स्थल पर सेनेटाइजेशन का इंतजाम, मास्क में थे लोग

इस मौके पर उनके जनाजे की जमाज में लगभग हजार लोग शामिल हुए। हालांकि कोरोना से उत्पन्न खौफ के चलते बरती जा रही सावधानी के चलते जनाजे की नमाज में शामिल होने वालों की तादाद उनकी लोकपियता की अपेक्षा से कम मानी जा रही है।  वैसे भी जनाजे में शामिल होने वाले सभी लोग (अपवाद को छोड़)  मास्क लगा कर आये हुए थे। यही नहीं मौके पर भी सेनेटाइज होने का भी इंतजाम था।

लाक डाउन के चलते नहीं आ सके नेपाल के लोग, मायूसी 

लॉक डाउन और कोविड महामारी की  वजह से आसपास के जिले के लोग जनाज़े में शामिल नहीं हो पाए। बॉर्डर बन्द होने की वजह से उनके नेपाल में चाहने वालों को भी जनाज़े में न शामिल होने से मायूसी हुई। उनके  जनाज़े में ज़्यादातर उनके गांव और आसपास के लोग ही शामिल हुए। फिर भी उनके परिवार से संवेदना व्यक्त करने अलग अलग रूप से सैकड़ों लोग पूरे दिन और जनाजे की नमाज के बाद देर रात तक आते रहे।

महबूब खान अपने पीछे अपना हरा भरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में उनके तीन बेटे एक बेटी और पत्नी हैं। उनके बड़े बेटे यासिर महबूब खान के साथ परिवारिक और सामाजिक ज़िम्मेदारियों का निर्वहन करते थे। महबूब खान अपनी सामाजिक सक्रियता व नेक नियती के कारण क्षेत्र में खासे लोकप्रिय थे। आसपास के जिलों बलरामपुर, बहराइच, गोंडा ही नहीं नेपाल में भी उनके चाहने वालों की लंबी तादाद है।

दशकों से कर रहे थे आल इंडिया वालीबाल टूर्नामेंट में भागीदारी

बता दें कि विभिन्न सामाजिक व खेल संगठनों से जुड़े महबूब खान का बुधवार को सुबह लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वह जागृति स्पोटिंर्ग क्लब के वर्तमान में मुख्य संरक्षक थे और क्लब के लम्बी अवधि तक अध्यक्ष रहे थे। जागृति क्लब पिछले कई दशकों से वालीबाल का आल इंडिया टूर्नामेंट आयोजित कर रहा है, जिसमें देश के शीर्षस्थ खिलाड़ी भाग लेते हैं।

उनके जनाज़े में मुख्य रूप से यूपी वालीवाल एसोसिएशन के सचिव मु. इब्राहिम, तालीमी बेदारी के प्रदेश अध्यक्ष सग़ीर ए खाकसार, सपा नेता महबूब खान, कलीम अहमद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मसूद अहमद उर्फ मस्सू भाई, डॉ शरफुद्दीन, अब्दुल तौवाब, अब्दुल वहीद सपा अल्पसंख्यक सभा के पूर्व अध्यक्ष महबूब खान आदि लोगों ने शिरकत की।

 

Leave a Reply