बच्चों ने उकेरी “मेरे सपनों का भारत” की तस्वीर, उत्कृष्ट छात्र पुरस्कृत

September 19, 2026 10:10 PM1 commentViews: 125
Share news

अजीत सिंह

सिद्धार्थनगर। विकास खंड उस्का बाज़ार के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत शनिवार को “मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा” कार्यक्रम का आयोजन बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से देश के प्रति अपनी सुंदर कल्पनाओं और सपनों को कागज पर उतारा। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया।

पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय परसा खुर्द में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हेमंत कुमार जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों की रचनात्मकता देश का भविष्य है। आज इन छोटे बच्चों ने अपनी कला से जिस सशक्त और समृद्ध भारत की तस्वीर दिखाई है, वह बेहद सराहनीय है। राज्य व केंद्र सरकार शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने विभाग द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं और सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के मानसिक और रचनात्मक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।

कार्यक्रम को भाजपा जिला उपाध्यक्ष सच्चिदानंद चौबे, मंडल अध्यक्ष राकेश आर्या व समाजसेवी ई. रमेश द्विवेदी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सेवा और समर्पण के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने की बात कही।

चित्रकारी में काजल साहनी प्रथम, पूजा द्वितीय व आंचल साहनी तृतीय रहे। इसके अलावा अंशिका , निशा , मीरा, विकास , राधिका व स्नेहा गौतम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। पशुपति नाथ दूबे के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में जिला समन्वयक अमित शुक्ला व आशीष सिंह, वार्ड सभासद राजेश श्रीवास्तव व मयंक पांडेय, लालमणि गुप्ता, सैमसन अब्राहम, सोनू मिश्र सहित विद्यालय के सभी स्टाफ अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply