पति-पत्नी ने मिल कर पड़ोसी को दिनदहाड़े काट डाला
नजीर मलिक
अस्पताल में दाखिल हत्या आरोपी जगनरायन व शांति
“जमीनी रंजिश को लेकर चकचई निवासी एक दंपत्ति ने अपने पडोसी अनिल वर्मा को दिनदहाडे़ धारदार हथियारों से काट डाला। बाद में ग्रामीणों ने दोनों की जमकर धुनाई की। सिद्धार्थनगर के भवानीगंज थाना क्षेत्र में हुई इस भयानक वारदात से आसपास के इलाके में खौफ छा गया है। पुलिस ने पति-पत्नी को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में दाखिल करा दिया है। पचास वर्षीय अभियुक्त जगनरायन पुत्र कुसहर है। दूसरी मुलजिम कुसहर की पत्नी शांति बताई गई है। मृतक अनिल जूनियर हाई स्कूल कादिराबाद में चपरासी पद पर कार्यरत था। वारदात गुरुवार सुबह दस बजे की है”
खबर है कि सुबह लगभग साढे नौ बजे अनिल स्कूल जाने के लिए घर से निकला। अभी वह गांव से कुछ दूर ही पहुंचा था, कि रास्ते में पहले से घात लगाये जगनारायन और उसकी पत्नी शांति ने अनिल पर गड़ासा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जगनारायन से अधिक वार उसकी पत्नी कर रही थी। ताबड़तोड़ वार के चलते अनिल जमीन पर गिर कर कुछ देर छटपटाया और दम तोड़ दिया।
घटना को दूर से देख रहे गांव वाले अचानक अभियुक्तों की ओर भागे और उन्हें दौड़ा कर पकडा। ग्रामीणों ने दोनाें की जमकर धुनाई की। जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना के तत्काल बाद ही भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनाें को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। गौरतलब है कि 35 साल पहले 1980 में उसके पिता प्रहलाद की भी प्रधानी के चुनाव के दौरान हत्या हुई थी।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर रंजिश थी, जो इतनी बडी वारदात की वजह बनी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मुकदमे की कार्यवाही पूरी कर रही थी।




