नाना के घर आया नेपाल का बालक कूड़ा नदी में लापता, तलाश जारी

September 26, 2025 10:15 PM0 commentsViews: 145
Share news

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। उसका बाजार थाना क्षेत्र के कर्मा ग्राम पंचायत के टोला नौखनिया में ननिहाल आया एक आठ वर्षीय बालक शुक्रवार की दोपहर में पैर फिसलने से कूड़ा नदी में लापता हो गया। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नही चला। बालक यहीं के निवासी सुरेश का नाती अरुण (8) है। वह अपने पिता पिंकू के घर बोगदिहा लुंबिनी, नेपाल से तीन दिन पहले अपने नाना के घर आया था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसके नाना सुरेश नदी के किनारे अपनी नांव की सफाई कर रहे थे, इसी बीच अरुण भी आ गया और पैर फिसलने से वह नदी में गहराई में चला गया। जब तक लोग पहुंचते तब तक वह लापता हो गया। सूचना पर गोताखोरों के साथ एसओ हरेकृष्ण उपाध्याय मौके पर पहुँचे, लेकिन सफलता नही मिली। बाद में पीएसी के गोताखोर स्टीमर के साथ काफी खोजबीन किया, देर शाम तक तलाश जारी रहा।

इस घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना से आहत परिजनों के घर पहुँचकर प्रधान लवकुश राजभर, पूर्व प्रधान सरोज शुक्ल व ग्रामवासियों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढाढस बधाया। इस दौरान नायब तहसीलदार अमित कुमार, लेखपाल सत्यप्रकाश मौजूद रहे।

Leave a Reply