निपुण सम्मान समारोह में बोले विधायक शिक्षक अपने छात्रों के लिए आदर्श बनें
आजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। छात्र विद्यालय में अपने शिक्षक की सभी गतिविधियों का अनुकरण करता है, ऐसे में शिक्षक ऐसा आदर्श प्रस्तुत करें जिससे छात्र का भविष्य उज्ज्वल हो। यह बातें शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को लोहिया कला भवन में आयोजित निपुण सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक को समाज, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और सरकार आशा भरी नजर से देख रहे हैं, ऐसे में इनकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
विशिष्ट अतिथि एमएलए श्यामधनी राही ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप शिक्षक कार्य करते हुए विद्यालयों को निपुण बना रहे हैं, निपुण होने में जो कसर रही है उसे आगामी सत्र में पूरा किया जाए। इसमें परिषदीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं को निपुण करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं, एआरपी, बीईओ को मुख्य अतिथि ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
बीएसए शैलेश कुमार ने बताया कि निपुण भारत मिशन के तहत ऐप के माध्यम से कक्षा एक व दो के छात्र-छात्राओं का निपुण आंकलन डायट के प्रशिक्षुओं से कराया गया। बीएसए निपुण आंकलन में एसआरजी अंशुमान सिंह ने बताया कि जिले में कुल 533 विद्यालय निपुण घोषित हुए हैं। ब्लॉक भनवापुर में सर्वाधिक 43 प्रतिशत निपुण घोषित हुए हैं, इन्हें जिले में प्रथम स्थान मिला, लोटन 34 प्रतिशत के साथ दूसरे और बढ़नी व नौगढ़ 33 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
इस दौरान सीडीओ बलराम सिंह, एसपी अग्रवाल, बीईओ महेंद्र प्रसाद, ओमप्रकाश मिश्र, नीरज सिंह, धर्मेंद्र पाल, सत्येंद्र सिंह, विजय बहादुर, आशीष सिंह, अमित शुक्ला, करुणापति त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।





