ऊपर ड्रोन, नीचे चोर गैंग, जिले में हर तरफ दहशत ही दहशत
उड़ते ड्रोनों से रेकी कराने की कोशिश मान रहे ग्रामीण, प्रशासनिक सजगता गायब
नज़ीर मलिक
सिद्धार्थनगर। रातों को आसमान पर मंडराते ड्रोनों का खौफ और नीचे गांवों में चोरों की निरंतर शातिराना हरकतों के चलते सिद्धार्थनगर ज़िले में चतुर्दिक दहशत का माहौल है। चोरों के इस गिरोह पर न तो पुलिस हाथ डाल पा रही है, न ही प्रशासन रातों को गांवों के ऊपर मंडराते ड्रोनों के बारे में कुछ बता पा रहा है। इसके कारण ज़िले में खौफ और अफवाहों का दौर चल गया है।
मंगलवार रात गोल्हौरा और शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में तीन संदिग्ध पकड़े गए। पकड़ने वालों ने उनकी धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। इनके कब्जे से चाकू, सब्बल, छीनी और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं, जिससे ईंट आदि तोड़ी जाती है। आशंका जताई जा रही है कि बाहरी चोरों का गिरोह, जो आधुनिक तकनीक का भी उपयोग करता है, पहले ड्रोन उड़ा कर इलाके की रेकी करता है, फिर सटीक घरों में घुस कर चोरी करता है।
क्या रातों में उड़ने वाले ड्रोनों से निरंतर चोरियों का कोई सम्बन्ध है, इस बारे में कोई अधिकृत सूचना नहीं है, लेकिन पूरे ज़िले में एक रात में कई कई घरों में चोरी की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में उड़ते रहस्यमय ड्रोनों को चोरियों से ही जोड़ा जा रहा है। प्रशासन को इस पर अधिकृत रूप से जानकारी देनी चाहिये। मंगलवार को गोल्हौरा में पकड़े गए शातिर जहां थे, वहां ड्रोन उड़ रहा था। जहां-जहां चोरी हुई है, वहां भी ड्रोन उड़ता हुआ पाया गया था। वहीं, ड्रोन के मामले में पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है जांच की जा रही। परंतु लगातार चोरी और ड्रोन उड़ने से लोगों में दहशत हैं।
इसी प्रकार पथरा थाना क्षेत्र के गौरी पाठक गांव व रमवापुर गांव निवासी बोबी पाठक मुरली श्रीकांत खुशीयाल ने बताया कि मंगलवार रात्रि 11 बजे गांव में ड्रोन कैमरा चलने से लोग घरों से बाहर निकल आए और ड्रोन की निगरानी करने लगे। इस दौरान ड्रोन हर आधे घंटे पर गांव का कई बार चक्कर लगाता रहा जिससे ग्रामीण चोरी के डर से पूरी रात नहीं सोये और गांव की निगरानी में लगे रहे
फिलहाल जो भी हो मंगलवार की रात क्षेत्र के उस्का, मझारी, धुसिया, गोठवा घाट, पिपरा समेत दर्जनों गांव के लोग आसमान में ड्रोन उड़ता देख दहशत में रहे। बुधवार को दिनभर लोग ड्रोन कैमरा उड़ने व संदिग्ध के पकड़े जाने की चर्चा करते दिखे। दिक्कत यह है कि निरंतर चोरियों को लेकर ज़िले में हर तरफ चर्चा और अफवाहों का दौर है। इन अफवाहों के चलते किसी अप्रिय घटना की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। इसलिये प्रशासन को भी सजग रहना पड़ेगा।





