सेना के शौर्य और सम्मान में भाजपा ने निकाला तिरंगा यात्रा
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का यशगान करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार को एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तीन किलोमीटर की तिरंगा यात्रा नगर के खेतान पेट्रोल पंप से शुरू हुआ और अशोक मार्ग तिराहे पर आकर समाप्त हुई।
तिरंगा यात्रा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा कि पहलगाम में सैलानियों का धर्म पूछकर कायराना ढंग से की गई हत्या के बाद देश वासियों में जबरदस्त गुस्सा था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और उनके अड्डों को नष्ट करके इसका बदला लिया है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए सेना ने आतंकियों की कमर तोड़ दी है। इससे दुनिया में संदेश गया है कि यह नया भारत है, ईंट का जवाब पत्थर से देना जानता है।
डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले वीर जवानों और देश के सैनिकों की जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। इस साहसिक अभियान के बाद भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने और उनका सम्मान करने के लिए यह तिरंगा यात्रा निकाली गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कहा कि सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को सफलता से अंजाम देकर यह बता दिया है कि देश के वीर जवानों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारा देश मजबूत व पूरी तरह से सुरक्षित है।
इस दौरान हरिचरण कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष राम कुमार कुंवर, विजयकांत चतुर्वेदी, लवकुश ओझा, अजय उपाध्याय, हेमंत जायसवाल, दीपक मौर्या, सच्चिदानंद चतुर्वेदी, राकेश आर्या, अरुणा मिश्रा, धर्मराज वर्मा, चंद्रप्रकाश चौधरी, विकास जायसवाल, अजय गुप्ता, संजय गौतम, शिव प्रकाश, सबलू साहनी, श्याम सुंदर मित्तल, रिंकू पाल, अरविंद आदि मौजूद रहे।





