पशु आरोग्य मेला का आयोजन सम्पन्न, विधायक राही हुए शामिल
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार की प्रमुख योजना पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला का आयोजन विकास खंड नौगढ़ के ग्राम सभा रामगढ़ के सेखुईया चौराहा पर पशु चिकित्सालय नौगढ़ सदर के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कपिलवस्तु (सदर) श्यामधनी राही रहे। मेले का शुभारंभ विधायक श्यामधनी राही ने गौ पूजन करने के उपरांत फीता काटकर किया।
पशु आरोग्य मेलें को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि यह सरकार की प्रमुखता वाली योजनाएं हैं प्रत्येक वर्ष ऐसा मेला लगाया जाता है जिसमें मैं स्वयं प्रतिभाग करता हूं। मेले में पशुओं के लिए सरकार की तरफ से निशुल्क दवाओं का वितरण योजना पूरी तरह से सफल है। अपने पशुओं को हीट में आने के बाद वैज्ञानिक विधि से कृत्रिम गर्भाधान ही कराये।
पशु आरोग्य मेला को संबोधित करते हुए उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ राजबहादुर यादव ने पशुपालन विभाग के सभी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने पशुधन बीमा योजना, मुख्यमंत्री दुग्ध प्रोत्साहन योजना, केसीसी योजना तथा नस्ल सुधार योजना के विषय में भी पशुपालकों को जानकारी दी।
सन्छलन कर रहे पशुधन प्रसार अधिकारी अरुण कुमार प्रजापति ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरह हमारे पशुपालन विभाग में भी एंबुलेंस की सेवा प्रारंभ हो चुकी है जिसका टोल फ्री नंबर 1962 से संचालित किया जाता है। उन्होंने सहभागिता योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अगर गौशाला से आप पशु ले जाएंगे तो उत्तर प्रदेश सरकार आपको उसे पालने के लिए ₹1500 महीना देगी।
पशु आरोग्य मेला में 86 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया जिसमें कुल 285 पशुओं की चिकित्सा की गई। जिसमें बड़े पशु 75 तथा छोटे 210 पशु आए थे। पशु आरोग्य मेला में पशुपालन विभाग की तरफ से डॉ पवन मिश्रा, उमेश पांडे, पप्पू राव, चंद्रजीत, अशोक चौधरी सहित शिवकुमार, गोपाल, बरदानी गुप्त, उमेश चंद्र, तोलेश्वर, अनीता, उर्मिला, सुभाष, राजेश सहित अन्य ग्राम वासी पशुपालक उपस्थित रहे।






