सगी बहनों का मामलाः अपहरण व प्रेम प्रसंग के बीच झूल रही पूरी कहानी

May 9, 2025 11:16 AM1 commentViews: 636
Share news

नजीर मलिक

सिद्धार्थनगर। बलरामपुर जिले के कार सवार दो युवकों द्धारा सगी बहनों के दिनदहाड़े अपहरण के मामले में कुछ नये तथ्य सामने आ रहे हैं। कार सवार युवक अत्यंत साधारण परिवार के हैं। उनका कोई आपराधिक रिकार्ड भी नहीं है। क्षेत्र में इस प्रकार की चर्चाएं हैं कि मामला कुछ और हो सकता है। इसलिए पुलिस को इस मामले की गंभीरता से जांच करनी होगी। दोनों युवक फिलहाल जेल में हैं।

पता चला है कि बलरामपुर जिले के उतरौला तहसील के बबलू व अज़ीमुल्लह नामक युवक सामान्य परिवार के हैं और फेरी कर गांवों में सामान बेचने का काम करते हैं। मंगलवार अपरान्ह वह एक कार में बैठी जिन दोनों लड़कियों के साथ पकड़े गये थे वह उनकी नहीं थी। संभव है कि वह भाड़े पर ली गई हो। अगर वह किसी ट्रैंफिकिंग गिरोह के सदस्य साबित होते हैं तो उस कार का सम्बंध किसी गैंग से जुड़ा हो सकता है, मगर अभी इस बारे में कुछ भी कयास लगाना जल्दबाजी होगी। लेकिन लड़कियां नाबालिग बताई गई हैं, इसलिए उनका जुर्म तो कानूनन बनता ही है।

अब सवाल उठता है कि घटना की असलियत क्या थी? पथरा थाने के करीब के एक गांव की रहने वाली इन लड़कियों के पिता ने अपनी लड़कियों के बताने के आधार पर दी गई तहरीर में कहा है कि उक्त दोनों युवक उनकी दो लड़कियों का अपहरण कर ले जा रहे थे। उनकी साजिश उन्हें बेचने की थी। इस हिसाब से लड़कियों ने यह बात पिता से बताई थी। पुलिस को नहीं। अभी लड़कियों का कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने बयान होगा वह उनका असली बयान माना जायेगा।

लेकिन गांव के आस पास इस बात की चर्चा भी सुनी जा सकती है कि दोनों फेरी वाले युवक गांव में आते जाते थे। लिहाजा मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है। दोनों लड़कियां १४ से १६ साल उम्र के बीच की हैं।  युवकों के पारिवारिक लोगों के अनुसार दोनों के खिलाफ कोई गंभीर अपराध का मामला भी पूर्व में दर्ज नहीं है। उनके पास कोई हथियार की बरामदगी भी नहीं है, ऐसे में सवाल उठता है कि सरे राह दिनदहाड़े दोनों युवक किस प्रकार लड़कियों को डरा धमका कर कार में जबरन बिठाये। एक चर्चा यह भी है कि जब कार रास्ते में फंस कर बंद हो गई तो ग्रामीणों शोर किया। इसके बाद लड़कियों ने बदनामी के डर से अपहरण की बात कही। अब यह पूरी कहानी सुनियोजित अपहरण और प्रेम प्रसंग के बीच में झूल रही है। पुलिस फिलहाल इस मामले की छानबीन में जुटी है। वह क्या करती है यह देखने की बात होगी।

उल्लेखनीय है कि दोनों बहने घटना के दिन  दोपहर में उस समय  गांव से कपड़ा सिलाने पथरा बाजार जा रही थीं। इसी बीच कार सवार दो युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर कार में बिठाया और भागने लगे। मग़र उनकी कार बनकटा बंधे पर फंस कर रुक गई। तहरीर के अनुसार इसी बीच मौका पाकर दोनो लड़कियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुन कर ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर दोनों किशोरियों के साथ इनोवा कार और दोनों अभियुक्तों को दबोच कर थाने में ले आई। कुल कहानी यह है। अब आगे जांच में क्या सच निकलता है, यह बाद में पता चलेगा।

 

Leave a Reply