डाक्टर पटेल द्वारा पत्रकार को दिए गए धमकी व निजी अस्पताल के संचालन पर अब तक कोई कर्रवाई नहीं 

June 20, 2025 5:35 PM0 commentsViews: 334
Share news

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। पत्रकार रोहित सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसका बाजार के अधीक्षक डॉ. एसके पटेल पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को शिकायत सौंपी है। पत्रकार का आरोप है कि डॉ. पटेल अपने पद का दुरुपयोग करते हुए दो निजी अस्पतालों का संचालन कर रहे हैं, जो उनके रिश्तेदारों के नाम पर पंजीकृत हैं। साथ ही वे नियमित रूप से CHC पर रात्रि विश्राम भी नहीं करते।

इस संबंध में 6 मई 2025 को पहली शिकायत दी गई थी, जिसके बाद 17 जून की रात जब रोहित सिंह ने शोहरतगढ़ में डॉ. पटेल को उनके निजी अस्पताल में जाते देखा और वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे, तब डॉ. पटेल ने कथित रूप से उन्हें गालियाँ दीं, धमकी दी और मोबाइल छीनने की कोशिश की। पत्रकार रोहित सिंह ने अपनी शिकायत में लिखा है कि डॉ. पटेल ने कहा, “समाज के सुधारक बने हो? कल का सूरज नहीं देख पाओगे। मेरे लोग हैं, ऊपर पहुंचा देंगे।”

रोहित सिंह ने CMO कार्यालय से मामले की उच्चस्तरीय जांच, डॉ. पटेल को पद से हटाने, कानूनी कार्रवाई और अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के साथ उन्होंने वीडियो साक्ष्य, पहले दी गई शिकायत की प्रति और थाना शोहरतगढ़ को भेजी गई रिपोर्ट भी संलग्न की है।

हालांकि तीन दिन बीतने के बावजूद अब तक न तो कोई एफआईआर दर्ज हुई है और न ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोई स्पष्ट कार्रवाई की गई है।पत्रकार संगठनों ने प्रशासन की इस निष्क्रियता पर नाराज़गी जताई है और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply