बालिकाओं व महिलाओं को पुलिस ने सिखायी आत्मरक्षा के लिए जरूरी कदम
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। मिशन शक्ति फेज- फाइव के अंतर्गत शनिवार को उस्का बाजार विकास क्षेत्रांतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय परसा खुर्द में बालिकाओं व महिला अभिभावकों के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि एंटी रोमियो टीम की प्रभारी शाइस्ता खान ने बताया गया कि यदि कोई बालिका या महिला किसी प्रतिकूल स्थिति का सामना करे, तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए और सरकारी व सामाजिक सहायता तंत्र का उपयोग करना चाहिए।
उन्होनें आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों 112 (इमरजेंसी सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्प लाइन), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) और 1076 (उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की जानकारी दिया। साथ ही बालिकाओं और महिलाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और तकनीकों की विस्तृत जानकारी देते व्यक्तिगत सुरक्षा पर चर्चा किया। उन्होनें सिखाया कि विभिन्न सामाजिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करें।
खंड शिक्षा अधिकारी ओपी मिश्र ने कहा कि इन कार्यकमों का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा, अधिकारों और कानूनी प्रावधानों से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सुरक्षित जीवन जी सकें। जनपदीय नोडल पशुपति दूबे ने मिशन शक्ति के अंतर्गत जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न सत्रों को आयोजित करनॆ को लेकर दिए गए निर्देशों को बताया। कार्यक्रम में ब्लाक नोडल अनुराधा, एंटी रोमियो टीम की मधु, श्रीप्रकाश चौरसिया, शिक्षक बालजीत, सुप्रिया,अर्चना, चंद्रजीत, अमित, अभिषेक आदि मौजूद रहे।





