प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में शिशु मंदिर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। विद्या भारती की ओर से कुशीनगर में आयोजित प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में शहर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर तेतरी बाजार के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु एवं स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किए। मंगलवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सभी सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में आयुष कन्नौजिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऊंची कूद में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा 600 मीटर दौड़ में उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रिले रेस में भी आयुष की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसी तरह अर्नव श्रीवास्तव ने 200 मीटर दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रिले रेस में भी उनकी टीम दूसरे स्थान पर रही।
बालिका वर्ग में भी विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सौम्या कन्नौजिया ने ऊंची कूद में द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं अन्नू मौर्या ने लंबी कूद में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।
शिक्षकों और अभिभावकों ने सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंगलवार को विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य राम प्रकाश त्रिपाठी की मौजूदगी में सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आचार्य महर्षि सुतीक्षण शुक्ला, विंदेश्वर मिश्रा, सूरज कुमार सिंह, निधि द्विवेदी, वीरेंद्र तिवारी, राज लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।





