उच्च प्राथमिक विद्यालय मदनपुर में वार्षिकोत्सव व विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। विकास खंड उस्का बाजार के उच्च प्राथमिक विद्यालय मदनपुर में मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश मिश्र एवं प्रधान प्रतिनिधि मनोज रस्तोगी ने परीक्षा, खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। बीईओ ने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे शत प्रतिशत बच्चों के नामांकन के लिए पूर्ण मनोयोग से जुट जाएं।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं आनंदी यादव एवं पार्वती यादव द्वारा किया गया जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए विभिन्न वर्किंग मॉडल के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जिनका अवलोकन अतिथियों ने किया और बच्चों के प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी में संध्या वर्मा द्वारा स्मार्ट सिटी वर्किंग मॉडल, सौम्या वर्मा द्वारा रेन सेंसर मॉडल, दिव्या मिश्रा द्वारा सौर ऊर्जा के उपयोग, सुनैना वर्मा द्वारा हाइड्रोलिक कार पार्किंग, प्रिया रस्तोगी द्वारा सेफ्टी अलर्ट सिस्टम, राज द्वारा इलेक्ट्रिक जनरेटर तथा महिमा यादव द्वारा बीज की कहानी मॉडल प्रस्तुत किया गया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक अंकिता चंदेल ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसआरजी अपूर्व श्रीवास्तव सहित रूपेश सिंह, अभय श्रीवास्तव, संगीता श्रीवास्तव, रंजना वर्मा, अमित मणि, नरेंद्र यादव, बीजी पटेल, रजनीश, अर्जुन दूबे आदि उपस्थित रहे।





