Breaking news- प्रेम प्रसंग में छात्रा की हत्या, बाग में मिली लाश, प्रेमी पर संदेह

February 10, 2024 10:53 PM0 commentsViews: 1213
Share news

नज़ीर मलिक

सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत खरगवार गांव के बगीचे में 17 वर्षीय छात्रा की लाश पाई गई है। संध्या प्रजापति नामक छात्रा कक्षा 11 में पढ़ती थी तथा उसी गांव की निवासी थी। वह शुक्रवार से ही गायब थी। उसके शव की बरामदगी से इलाके में सनसनी छा गयी है। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मौका मुआयना कर आवश्यक निर्देश दिए है।

कहाँ पाई गई खून से सनी लाश

जानकारी के अनुसार संध्या का शव आज सुबह लगभग 9 बजे के आसपास खरगवार गांव के बाहर बने प्राथमिक विद्यालय के निकट एक आम के बगीचे में पाया गया। उसके शरीर पर चोट के निशान थे, कुँछ खून भी निकला हुआ था और मुंह से झाग निकला प्रतीत हो रहा था। उसकी लाश ग्रामीणों ने सुबह तब देखा जब वे बाग की तरफ निकले। घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद लड़की की मां मधुरी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में गांव के ही रोहित नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस युवक की तलाश कर रही है।

मां ने कहा बेटी को उसके दोस्त ने मारा

इस बारे में मृतक छात्र संध्या की मां माधुरी देवी ने बताया कि माधुरी कक्षा 11 की छात्रा थी। शुक्रवार को वह परीक्षा देने पड़ोस के कस्बे के लिए निकली थी, उसके बाद से नहीं लौटी। रात में खोजबीन करने पर भी कुछ पता न चला। सुबह वह पुलिस थाने जाने की तैयारी में थी, तभी उसे बेटी की लाश की जानकारी मिली। उसने आरोप लगाया की उसकी हत्या रोहित नाम के उसके दोस्त ने की है। दोनो आपस मे काफी करीब थे।
दूसरी ओर गांव वालों ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था, मगर उनमें ऐसा क्या हो गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। दूसरी तरफ शोहरतगढ़ पुलिस का कहना है कि रोहित के मिलने पर पूछताछ और पीएम रिपोर्ट के बाद खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रथम दृष्टया प्रेम संबंध से जुड़ा लगता है।

Leave a Reply