विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 51 महिलाएं ‘नारी गौरव सम्मान- 2026’ से सम्मानित
— डॉ. तनुषा टी.आर. बोलीं, नारी शक्ति समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत
— एसडीएम रेणु, एसडीओ वीना व महिला थाना प्रभारी भाग्यवती ने महिलाओं को किया प्रेरित
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। शहर के एक होटल में आयोजित भव्य ‘रक्षा सूत्र-नारी सम्मान समारोह- 2026’ में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाली 51 महिलाओं को ‘नारी गौरव सम्मान- 2026’ से सम्मानित किया गया। समारोह में चिकित्सा, शिक्षा, उद्यमिता, समाजसेवा, प्रशासनिक, धार्मिक, न्यायिक, साहित्यिक, खेल समेत अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान कर उनके कार्यों को सराहा गया।
नेहरू युवा केंद्र भारत सरकार की सेवानिवृत्त उप निदेशक साधना श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन की धर्मपत्नी एवं आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. तनुषा टीआर रहीं। विशिष्ट अतिथियों में उप जिलाधिकारी नौगढ़ रेणु मिश्रा, उप प्रभागीय वनाधिकारी वीना तिवारी तथा महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पांडेय शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि डॉ. तनुषा टीआर ने कहा कि महिलाएं आज किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं बल्कि शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, उद्यमिता और समाजसेवा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान देना उनके आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के संकल्प को मजबूत करना है।
उपजिलाधिकारी रेणु मिश्रा ने कहा कि नारी के भीतर अपार क्षमता और नेतृत्व शक्ति है। आवश्यकता केवल अवसर और प्रोत्साहन की है। उन्होंने सम्मानित महिलाओं से अपने कार्यों के माध्यम से समाज की अन्य महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी वीना तिवारी ने कहा कि महिलाओं की सहभागिता के बिना समाज के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पांडेय ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ आत्मनिर्भर और निर्भीक बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस सदैव तत्पर है तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं बिना संकोच अपनी बात रख सकती हैं।
समारोह में डॉ. ममता गुप्ता, डॉ. अनीता द्विवेदी, डॉ. अनु मोदी, डॉ. कवितांशु, शारदा रावत, नाज प्रवीन, सुशीला मिश्रा, अंजू श्रीवास्तव, सरिता गौतम, सीमा श्रीवास्तव, प्रीती, सुमन ओझा, मोनी वर्मा, मनोरमा पांडेय, रीना मिश्रा, साधना श्रीवास्तव, मन्नो मिश्रा, रजनी सिंह राजपूत, जेबा मुईम, सुधा त्रिपाठी, प्रियंका वर्मा, शर्मिला अग्रहरी, प्रिया कुमारी अग्रहरी, रोशनी गौतम, अनामिका शुक्ला, प्रीती शुक्ला, सलोनी उपाध्याय, किरन लता सिंह, प्रीती लता, नेहा गौड़, अंजली राजपूत, प्रिया जायसवाल, वंदना चतुर्वेदी, रेशमा जायसवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों की 51 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। स्वागत भाषण शुभम श्रीवास्तव ने दिया। उन्होंने समारोह के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को पहचान और सम्मान देने के उद्देश्य से इस आयोजन का आयोजन किया गया है। आभार संतोष श्रीवास्तव ने जताया।कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन पंकज सिद्धार्थ ने किया।
इस अवसर पर डॉ. राजेश मोहन गुप्ता, डॉ. विमल द्विवेदी, नजीर मलिक, अखंड प्रताप सिंह, गोविंद प्रसाद ओझा, नियाज कपिलवस्तुवी, दिलीप द्विवेदी, सुरेंद्र श्रीवास्तव, नितेश पांडेय, अमित पांडेय, इंद्रसेन सिंह, जयशंकर मिश्रा, पंकज पासवान, श्रीश श्रीवास्तव, शिवदत्त अग्रहरी, नीरज श्रीवास्तव, दीपक मणि त्रिपाठी, विजय कृष्ण नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह का समापन महिला सम्मान और सशक्त समाज के संकल्प के साथ हुआ।





