सडक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल

November 18, 2022 3:27 PM0 commentsViews: 814
Share news

अजीत सिंह

डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र के चकचई चौराहे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से भवानीगंज कस्बा निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का नाम कृश्णा है जिसकी उम्र 22 साल बताई जाती है। जबकि घायल युवक का नाम सलमान है। वह 23 साल का है। दोनों तहसील मुख्यालय डुमरियागंज के निवासी बताये जाते हैं।

खबर के मुताबिक कस्बा निवासी कृष्णा  व सलमान  मांगलिक कार्यक्रम में कैमरा चलाने गए थे। गुरुवार की रात दोनों बाइक से घर आ रहे थे। चकचई चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में कृष्णा की मौत हो गई और सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी होते ही लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस के साथ परिजनों को भी दी।

सूचना पाकर मौके पर परिजन व पुलिस पहुंच गई और दोनों को सीएचसी बेंवा ले जाया गया। डाक्टर ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल सलमान को लखनऊ रेफर कर दिया। कृष्णा के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। कृष्णा, तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। शादी-विवाह व अन्य शुभ अवसरों पर कैमरा चलाने का काम करता था। इंचार्ज एसओ बांकेलाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

दो बाइकों की टक्कर, तीन घायल
एक अन्य समाचार के अनुसार इटवा-डुमरियागज मार्ग पर कमदा लालपुर के समीप दो बाइकों की हुई भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए।  जानकारी के अनुसार, इटवा थाना क्षेत्र के चौखड़ा निवासी मनोज अपनी पत्नी को लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी बीच कमदा लालपुर के पास सामने से आ रहे बाइक सवार, बस्ती जिले के सोनहा निवासी से उनकी भिड़ंत हो गई। घटना में तीनों बाइक सवार घायल हो गए। घायलावस्था में आसपास के लोगों ने तीनों को सीएचसी इटवा में भर्ती कराया। गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सकों ने घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। एसओ बिंदेश्वरी मणि तिवारी ने बताया कि घटना के संबंध में उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply