बाइक दुर्घटना में युवक की दर्दनाक मौत, मां-बहन रो रोकर हलकान, विदेश में छटपटा रहा मजबूर बाप

March 13, 2024 1:46 PM0 commentsViews: 1058
Share news

नजीर मलिक

चित्र परिचय– मृतक मनीष की फाइल फोटो

सिद्धार्थनगर। शहर से मात्र तीन किमी दूर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, तथा उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक का नाम मनीष पुत्र मनोज सिंह है। उस शहर के थरौली वार्ड का निवासी है। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। दूसरे घायल अंकुर पांडेय का गोरखपुर मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।जहां उसकी हालत चिंताजनक बतायी जा रही है। ज्ञात रहे कि मृतक मनीष के पिता विदेश में नौकरी करते हैं। घर पर दो छोटी बहनें और मां को ढांढस बधाने वाला भी कोई नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह मनीष सिंह अपने एक साथी व बगल के शिवपुरी वार्ड निवासी अंकुर पांडेय के साथ बांसी इलाके में किसी शादी में शामिल होने के लिए जा रहा था। शादी अंकुर की रिश्तेदारी में थी। मनीष साथ देने जा रहा था। सुबह सात बजे वह दोनों शहर से कुछ दूर मधुकरपुर के पास पहुंचे ही थे कि एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक असंतुलित होकर फिसल गई और बाइक सवार दोनो युवक डिवाइडर से टकरा कर सड़क पर घिसटते हुए दूर तक चले गए।

घटना के समय वहां आसपास मौजूद व्यक्ति उन्हें बचाने के लिये दौड़े, मगर जब तक उनको अस्पताल ले जाने का प्रबंध कर पाते इससे पूर्व ही मनीष ने दम तोड़ दिया, मगर अंकुर  पांडेय की सांस चल रही थी। उंसके शरीर में कई स्थानों पर फ्रेक्चर था। उसे तत्काल एमपीटी मेडिकल कालेज पहुचाया गया फिर वहां से मेडिकल कालेज गोरखपुर  ले जाया गया। जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

बता दें की मनीष सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी दो छोटी बहने हैं। उसके पिता मनोज सिंह खाड़ी देश साऊदी अरब में नौकरी करते हैं। वह खबर पाते ही वह से रवाना होने के लिए कम्पनी से अनुमति प्राप्त चुके हैं।फिलहाल वह विदेश में पुत्र वियोग में छटपटा रहे हैं। इस घटना से मनीष् की माँ सदमे से बेहोश हुई जा रही हैं, बहनें रो रोकर बेहाल है। वह केवल इतना ही कह पाती हैं कि उसके भाई बड़े नाजों में पले थे। इसके बाद दोनों बहनों की आँखों से बहते आंसू उनके दिल का पूरा दर्द बयां कर देते है। इस घटना से थरौली वार्ड में शोक का माहौल है।

Leave a Reply