RSS ने किया हिंदू सम्मेलन और खिचड़ी सहभोज कार्यक्रम
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। नगर क्षेत्र के हनुमंत नगर (भीमापर) में रविवार को हिंदू सम्मेलन और खिचड़ी सहभोज हुआ। इसका आयोजन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में किया गया। अपने संबोधन में विभाग प्रचारक राजीव नयन ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ किसी व्यक्ति को अपना गुरु नही मानता, बल्कि भगवा ध्वज ही इसका पूर्णकालिक गुरु है। संघ व्यक्तित्व पूजा के बजाय तत्वनिष्ठा को महत्व देता है और समाज में संस्कारवान, राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्व के निर्माण का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ही मूल धर्म है और अन्य सभी पंथ इसी से निकले हैं। यह केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। हम अहिंसा को अपना धर्म मानने वाले हैं, लेकिन जब धर्म, राष्ट्र व संस्कृति पर आंच आती है तो असुर प्रवृत्तियों को सही मार्ग पर लाना भी हमारा कर्तव्य है।
कहा कि भारत प्राचीन काल से ही हिंदू राष्ट्र है, इसे बनाने की आवश्यकता नहीं है। यहां के कण-कण में शंकर और बच्चे-बच्चे में राम का वास होता है। इसके बाद खिचड़ी सहभोज हुआ, इसका संचालन जिला प्रचार प्रमुख अभय सिंह ने किया। इस दौरान नगर कार्यवाह अभय, नगर प्रचारक अरुणेश, सह नगर कार्यवाह संतोष, प्रेम नारायण, विनोद, सच्चिदानंद, विनोद, सुरेश आदि उपस्थित रहे।





