Breaking news- काला हिरन शिकार कांड में सलमान खान को पांच साल की जेल, 10 हजार जुर्माना भी
नवरोज पठान
राजस्थान। जोधपुर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने काला हिरन शिकार के मामले फिल्म स्टार सलमान खान को पांच साल की कैद और दस हजार जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने पर सजा में 6 माह का और इजाफा हो जायेगा। उनके साथ मुकदमे के अन्य आरोपियों नायिका तब्बू, सहित सैफ अली खान, सोनाली और नीलम को बरी कर दिया है।
फूट फूट कर रो पड़ा बाडीगार्ड शेरा उर्फ गुरमीत
सजा के वक्त सलमान के परिजन और कई दोस्त मौजूद थे। उन्होंने धैर्य के साथ फैसला सुना। सजा के एलान के बाद बाहर निकलते वक्त उनका निजी अंगरक्षक शेरा उर्फ गुरमीत सिंह जाली साये की तरह उनके साथ लगा था।लेकिन सलमान को पुलिस ने ज्योंही अपनी अभिरक्षा में लिया, शेरा फूट फूट कर रो पड़ा। बता दें कि सलमान खान शेरा को बाडीगार्ड ही नहीं छोटे भाई का दर्जा देते हैं। वे शेरा को प्रतिमाह दस लाख बतौर वेतन देते हैं।
गौरतलब है कि 1998 में सलमान खान अपनी फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं ‘ की शूटिंग के लिए सैफ अली खान, तब्बू, नीलम और सोनाली बेंद्रे के साथ जोधपुर पहुंचे थे। सलमान ने घोड़ा फार्म हाउस, भवाद गांव सहित पांच जगहों पर पर 27-28 सितंबर की रात काले हिरणों के शिकार किया था।
उस समय राजस्थान में इस मामले को लेकर बड़ा बवाल मचा था। काला हिरन विश्नोई समाज में बहत आदर का पात्र माना जाता है। इसलिए 2 अक्टूबर, 1998 को इस मामले में बिश्नोई समाज ने पुलिस थाने में सलमान खान समेत सैफ अली खान, नीलम, तब्बू और सोनाली बेंद्रे सभी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
फिल्म जगत के 550 करोड़ रुपये फंसे, क्या होगा?
सलमान खान को हुई 5 साल की सजा से बॉलीवुड को बड़ा झटका लगा है। बॉलीवुड फिल्म मेकर्स के 550 करोड़ रुपये दांव पर लगे थे। अब उन रुपयों से बनने वाली फिल्मों का क्या होगा, इस सवाल को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मची हुई है।सलमान खान की जल्द ही रेस 3 रिलीज होने वाली है। जिसका निर्माण 100 करोड़ से हुआ है। इसफिल्म में उनके साथ जैकलिन फर्नांडिस,, अनिल कपूर और बॉबी देओल प्रमुख भूमिका में हैं।
इसके अलावा सलमान खान के होम प्रोडक्शन में लवरात्री फिल्म का निमार्ण हो रहा है। इसफिल्म में सलमान अपने जीजा आयुष शर्मा को लॉच कर रहे हैं। लवरात्री में सलमान खान खुद एक गाना शूट करेंगे इस फिल्म का बजट भी 30 करोड़ बताया जा रहा है।





