विधायक श्यामधनी राही ने हरी झंडी दिखाकर किया संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

July 1, 2026 7:45 PM0 commentsViews: 84
Share news

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वर्ष 2026 के द्वितीय चरण के ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का आगाज़ बुधवार (01 जुलाई) को हो गया। सदर विधायक श्यामधनी राही ने प्रचार वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर इस अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के तहत ​संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक। ​दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलेगा।

अंतर्विभागीय समन्वय से थमेगी बीमारियां

उद्घाटन के अवसर पर विधायक सदर श्यामधनी राही ने कहा कि यह माननीय मुख्यमंत्री की एक महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत स्वास्थ्य, पंचायती राज, शिक्षा (बेसिक व माध्यमिक), पशुपालन, नगर विकास, आईसीडीएस और कृषि सहित कुल 11 विभाग मिलकर आपसी समन्वय से काम करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान की सफलता के कारण ही प्रदेश में दिमागी बुखार (एंसेफलाइटिस) के मामलों में भारी कमी आई है और मृत्यु दर लगभग शून्य हो गई है।

साफ-सफाई और घर-घर जाकर होगी मरीजों की पहचान

मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने बताया कि 01 से 31 जुलाई तक माइक्रोप्लान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और जल भराव का निस्तारण किया जाएगा ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।

​वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार के अनुसार, 11 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर

  • ​बुखार (ज्वर) से पीड़ित मरीजों की पहचान करेंगी।
  • ​ILI (इंफ्लूएंजा जैसी बीमारी) और SARI (गंभीर श्वसन संक्रमण) के लक्षण वाले मरीजों को चिह्नित करेंगी।
  • ​टीबी के लक्षण वाले रोगियों, कुपोषित बच्चों और मच्छरों के प्रजनन स्थलों की तलाश करेंगी।
  • ​चिह्नित मरीजों के समुचित इलाज की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाएगी।

ये रहे उपस्थित

इस मौके पर डुमरियागंज सांसद के प्रतिनिधि रिंकू पाल, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply