… तो क्या बेटे ने सम्पत्ति की लालच में अपने ही बाप का कत्ल किया या असली साजिश कुछ और ?

May 29, 2021 12:22 PM0 commentsViews: 733
Share news

अजीत सिंह

बांसी, सिद्धार्थनगर। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में निहलवा गांव में गुरुवार सुबह संदिग्ध हाल में एक उसी गांव के पिरथी निषाद की लाश मिलने के मामले में अभी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका है। वैसे सम्पत्ति की लालच में अपने ही बेटे द्वारा बाप की हत्या कर देने की चर्चा है और मृतक की बेटी ने अप्रत्यक्ष रूप से अपने भाई पर हत्यारा होने का संकेत भी दिया है। गांव का एक समझदार तबका यह कहता है यदि सम्पत्ति का मामला हो तो शंका के घेरे में अगर लड़का आ सकता है तो लड़की पक्ष् के  क्यों नहीं? आखिर दोनों में सौतेले भाई बहन का रिश्ता जो था।

इस प्रकरण को समझने के लिए पहले की कहानी समझ ज्यादा जरूरी है। क्षेत्र के निहलवा निवासी पिरथी निषाद (50) की दो शादी हुई थी। पहली पत्नी से चार लड़के हैं। पत्नी की मृत्यु हो जाने पर उसने दूसरी शादी कर ली, जिससे पांच बच्चे हुए। पहली शादी से हुए चार लड़कों में तीन कई साल से लापता हैं। तीस साल का एक लड़का लवकुश अपनी ससुराल सोनौली में रहता है। वह पिता से कोई मतलब नहीं रखता था। इधर पिरथी अपनी दूसरी पत्नी व बच्चों के साथ निहलवा स्थित घर रहता था। लेकिन तीन दिन पहले लवकुश आया और अपने पिता से संपत्ति का बटवारा करने का दबाव बनाने लगा। इस बात की जानकारी पिरथी की दूसरी शादी से बड़ी लड़की आशा ने दी है। आशा के मुताबिक 26 मई को शाम पिरथी व लवकुश साथ बाजार गए थे। उसके बाद घर नहीं आए। सुबह गांव के बाहर उसकी लाश मिली।

अब समझने की बात है कि आशा व लवकुश अलग अलग मां की संतान हैं। दोनों में सौतेले भाई बहन का रिश्ता है।  ऐसे में यह सोचने की बात है कि अगर कई वर्षां बाद बड़ा बेटा सम्पत्ति में हिस्सा लेने के लिए घर लौटता है और अपने बाप की हत्या कर देता है, तो उसी तर्क के आधार पर यह भी तर्क दिया जा सकता है कि क्या अपने पिता की सम्पत्ति का एक भाग बचाने के लिए लवकुश के सौतेली बहिन के पक्ष से उसकी हत्या नही की जा सकती है? इसलिए ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को इस मामले की बारीकी से जांच करनी होगी तभी दूध का दूध पानी का पानी अलग हो सकता है।

इस मामले में प्रभारी निरीक्षक मिश्रौलिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। रिपोर्ट आने पर उसी आधार पर गहन जांच संभव हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

 

Leave a Reply