संस्कृत प्रतिभा खोज 2026-27 की तैयारियां शुरू, आचार्य शिशिर मिश्रा बने जनपद संयोजक

May 22, 2026 8:56 AM0 commentsViews: 36
Share news

अजीत सिंह 

 

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश में संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली “संस्कृत प्रतिभा खोज” प्रतियोगिता वर्ष 2026-27 हेतु जनपद स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में महर्षि कर्दम आश्रम श्री सांख्य मठ के आचार्य शिशिर कुमार मिश्रा को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का संयोजक नामित किया गया है। संस्थान के निदेशक प्रेमेंद्र कुमार गुप्त द्वारा जारी पत्र के माध्यम से इस संबंध में आधिकारिक सूचना प्रदान की गई है।

सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, भाषा विभाग (उत्तर प्रदेश शासन) के अधीन कार्यरत एक प्रमुख संस्था है, जो विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि जागृत करने का कार्य करती है। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत श्लोक अंताक्षरी, संस्कृत सामान्य ज्ञान, संस्कृत गीत के साथ-साथ अष्टाध्याई, अमरकोश, लघु सिद्धांत कौमुदी और तर्कसंग्रह कंठस्थ पाठ जैसी सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

त्रि-स्तरीय होगी प्रतियोगिता, ऑनलाइन आवेदन शुरू

यह प्रतियोगिता भारतीय ज्ञान परंपरा और वैदिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। जनपद के सभी विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मंडल स्तर पर और वहां से प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभा करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply