कपिलवस्तु सीट से सपा में आया मजबूत दावेदार मैदान में, क्षेत्र में हलचले बढ़ीं
— लोटन ब्लॉक के पूर्व प्रमुख हाल में अखिलेश यादव के समक्ष सपा में हुए हैं शामिल
— जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके है महेश कन्नौजिया, पूरी सक्रियता से कर रहे विधानसभा का दौरा
नज़ीर मलिक
सिद्धार्थनगर। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित जिले की कपिलवस्तू विधानसभा (सदर) सीट पर एक मजबूत दावेदार के उभर कर आ जाने से इस सीट पर नए किस्म की हलचल शुरू हो गई है। यहां पहले से ही आधा दर्जन नेता टिकट की दावेदारी किये हुए हैं। इस नए दावेदार का नाम महेश कनौजिया है। वह लोटन ब्लाक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और उसी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके हैं। अभी एक पखवारा पहले ही वे समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं।
महेश कनौजिया के सपा में शामिल होने से सदर विधानसभा क्षेत्र में हलचल मचने के ठोस कारण भी हैं। सबसे प्रमुख कारण यह है कि उनकी ज्वाइनिंग लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने हुई है। यही नहीं उन्हें सपा ज्वाइन करने के पीछे सपा संगठन के एक प्रमुख नेता का आशीर्वाद बताया जा रहा है। गौर करने की बात यह है कि पार्टी ज्वाइन कर अखिलेश यादव का आशीर्वाद लेने के बाद से महेश कनौजिया कपिलवस्तू विधान सभा क्षेत्र में धुंआधार दौरा कर रहे हैं। विधानसभा सीट की सड़कें उनके बैनर से पट गईं है।
जानकर बताते हैं कि वह इस सीट के दोआबा क्षेत्र के जनसंपर्क में जुटे हैं। लगभग 1 लाख मतदाताओं वाला ये दोआबा क्षेत्र ही सपा की सबसे कमजोर कड़ी भी है। भारतीय जनता पार्टी यहीं से हर चुनाव में भारी बढ़त बनाती है। यही कारण है कि महेश कनौजिया ने दोआबा क्षेत्र को टारगेट बनाया है। महेश कनौजिया इसी क्षेत्र के रहने वाले भी हैं।
महेश कनौजिया ने कहा—–
लोगों का मानना है कि महेश कनौजिया का आत्मविश्वास देख कर लगता है कि उन्हें सपा के किसी प्रभावशाली नेता ने कोई आश्वासन दिया है। इस बारे में महेश कनौजिया ने बताया कि दोआबा का प्रखंड पिछडी जाती बाहुल्य है। वो इसी प्रखंड के निवासी हैं। लिहाजा वह यहां से भाजपा को पछाड़ कर सीट को पार्टी की झोली में डालने में पूरी तरह सक्षम हैं।
और कौन कौन हैं दावेदार—–
महेश कनौजिया के अचानक सपा में शामिल होने से सपा के अन्य दावेदारों में काफी हलचल मची हुई है। यहां से 14 हज़ार व 38 हज़ार मतों से लगातार दो चुनाव हारने वाले विजय पासवान के मुकाबले वर्तमान में श्रीमती रिन्धु पासवान, चंद्रभान पहलवान, प्रदीप पथरकट्ट तथा प्रदीप पासवान आदि आधा दर्जन नेता टिकट के दावेदार हैं ऐसे में महेश कन्नौजिया के भी मैदान में आने से टिकट की राह और भी रोचक हो गई है।







