सपा ने जन चौपाल में महंगाई बेरोजगारी और आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

October 13, 2026 8:03 PM0 commentsViews: 43
Share news

अजीत सिंह 

 

सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के पटखौली में आयोजित पीडीए जन चौपाल में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आरक्षण के मुद्दे पर निशाना साधा। कार्यक्रम में सपा नेताओं ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आरक्षण की अनदेखी से जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंदा लेने में पारदर्शिता का दावा करने वाले अब वोट की चोरी कर रहे हैं। उनके मुताबिक, समाज का हर वर्ग समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा नजर आ रहा है।

लालजी यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पुलिस का इस्तेमाल जनता की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रही महिलाओं और अन्य प्रदर्शन कारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।

जन चौपाल को समाजवादी युवजन सभा के अध्यक्ष रामसेवक लोधी, विधानसभा अध्यक्ष जोखन चौधरी, जुबैदा चौधरी, डॉ. प्रमोद यादव, बृजभान यादव, प्रदीप पथरकट्ट, फिरोज आलम, मनीष यादव, विंध्याचल चौधरी, अयूब और अतीक अहमद ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने पीडीए की एकजुटता और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

Leave a Reply