सशक्त नारी से ही सशक्त प्रदेश का निर्माण संभव: विधायक श्यामधनी राही

October 13, 2026 7:51 AM0 commentsViews: 34
Share news
  • सिद्धार्थनगर में ‘मिशन शक्ति फेज-6’ के अंतर्गत सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए निकला भव्य पैदल मार्च

  • जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और भाजपा जिलाध्यक्ष सहित प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

अजीत सिंह 
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “सशक्त नारी, सशक्त प्रदेश” के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय सिद्धार्थनगर में ‘मिशन शक्ति फेज-6’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए एक विशाल ‘शक्ति जागरूकता पैदल मार्च’ निकाला गया। कार्यक्रम में कपिलवस्तु (सदर) विधायक श्यामधनी राही बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए।
पैदल मार्च के दौरान मुख्य अतिथि विधायक श्यामधनी राही ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए महिलाओं के प्रति समाज की सोच में बदलाव लाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब समाज की आधी आबादी सुरक्षित और आत्मनिर्भर होगी, तभी एक सशक्त समाज और सशक्त प्रदेश का निर्माण संभव हो सकेगा। आइए, हम सब मिलकर इस पुनीत कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएँ।”
इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रशासनिक और राजनैतिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां एक साथ नजर आईं। मार्च में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने अग्रिम पंक्ति में रहकर कमान संभाली।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से समाज के हर वर्ग से अपील की कि वे नारी शक्ति के उत्थान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहें।
इस जागरूकता पैदल मार्च में पुलिस प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, महिला पुलिस कर्मी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मार्च के जरिए पूरे शहर में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा टोल-फ्री नंबरों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने का प्रभावी संदेश दिया गया।

Leave a Reply