सेवा ज्योति कलश यात्रा में गूंजा विकसित भारत का संकल्प
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को शहर में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। भारत माता चौक से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिद्धार्थ तिराहे तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान सेवा, सुशासन और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया गया।
भारत माता चौक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा। मुख्य अतिथि भाजपा के जिला प्रभारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि 25 वर्ष पहले नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की यात्रा शुरू की थी। सेवा ज्योति कलश यात्रा उसी यात्रा और राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है।
सदर विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी। जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि सेवा ज्योति कलश कार्यकर्ताओं को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगा। विधायक जय प्रताप सिंह ने इसे जनसेवा के संकल्प से जुड़ा अवसर बताया। पूर्व विधायक डा. सतीश द्विवेदी ने भी विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर कार्य करने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, अभियान संयोजक मनोज मौर्य, कुंवर विक्रम सिंह, साधना चौधरी, राजेंद्र पांडेय, कन्हैया पासवान, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, सभासद फतेबहादुर सिंह, समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।





