मानदेय बढ़ोतरी से झूमे शिक्षा मित्र, 18 हजार रुपये प्रतिमाह की घोषणा से खुशी की लहर

February 20, 2026 10:37 PM0 commentsViews: 313
Share news

 

मुख्यमंत्री ने सदन में किया बड़ा ऐलान, एक अप्रैल 2026 से लागू होगा निर्णय

बढ़ोतरी से शिक्षा मित्रों के हजारों परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद

 

अजीत सिंह 

              हेमंत शुक्ला                                  साधना श्रीवास्तव

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने शुक्रवार को विधानसभा सदन में शिक्षा मित्रों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा करते हुए उनका मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह बढ़ा हुआ मानदेय एक अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। सरकार के इस निर्णय के बाद शिक्षा मित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से मानदेय वृद्धि की मांग कर रहे शिक्षा मित्रों ने इसे अपने संघर्ष और धैर्य का सकारात्मक परिणाम बताया है। मानदेय में आठ हजार रुपये की सीधी बढ़ोतरी से हजारों परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा मित्र लंबे समय से मानदेय बढ़ाने और सेवा शर्तों में सुधार की मांग कर रहे थे। कई बार विभिन्न संगठनों द्वारा ज्ञापन और आंदोलन भी किए गए। ऐसे में सदन में की गई यह घोषणा उनके लिए बड़ी राहत के रूप में सामने आई है। आदर्श शिक्षक-शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष हेमंत शुक्ला ने मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम शिक्षा मित्रों के सम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा मित्रों की पीड़ा को समझते हुए सकारात्मक पहल की है।

महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष साधना श्रीवास्तव ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मानदेय वृद्धि से महिला शिक्षा मित्रों को विशेष रूप से राहत मिलेगी और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया। द्वय पदाधिकारियों ने कहा कि मानदेय में वृद्धि से शिक्षा मित्रों को न केवल आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि उनका आत्मसम्मान और कार्य के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि जब शिक्षक वर्ग संतुष्ट और सुरक्षित महसूस करता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव सीधे तौर पर विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ता है।

Leave a Reply