शिक्षा मित्र प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी, नजर अंदाज नहीं किया जा सकता
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। शिक्षा मित्र प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी हैं और उनके योगदान को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। सरकार उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने और आर्थिक मजबूती देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री इस विषय को गंभीरता से ले रहे हैं और लगातार सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। ये बातें सांसद जगदंबिका पाल ने कही। वह मंगलवार को लोहिया कला भवन में आयोजित शिक्षा मित्र सम्मान एवं मानदेय वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इससे पूर्व गोरखपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के संबोधन ने उपस्थित शिक्षा मित्रों में उत्साह का संचार किया। बांसी विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा मित्रों के मानदेय में बढ़ोत्तरी सरकार की संवेदनशील सोच का परिणाम है।
सदर विधायक श्यामधनी राही ने शिक्षा मित्रों को शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके हितों की रक्षा का भरोसा दिलाया। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि संगठन शिक्षा मित्रों के साथ मजबूती से खड़ा है। समारोह में आदर्श शिक्षक-शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार शुक्ला ने शिक्षा मित्रों की प्रमुख मांगों को उठाया। उन्होंने सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष किए जाने, मानदेय को 11 माह 29 दिन तक सुनिश्चित करने और भुगतान में हो रही अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त की। साथ ही वित्त एवं लेखा दफ्तर के लिपिक पर लापरवाही का आरोप भी लगाया।प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत यादव ने भी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री फतेबहादुर सिंह, बीईओ महेंद्र कुमार, महेंद्र प्रसाद, ओपी मिश्रा, अरूण कुमार, रामू प्रसाद, अशोक सिंह, संजय कुमार, जिला समन्वयक सुरेंद्र श्रीवास्तव, अमित शुक्ला, रितेश कुमार, डीपी श्रीवास्तव, करूणापति त्रिपाठी, संदीप कुमार, अमित पांडेय, आशीष मिश्रा सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि व शिक्षा मित्र मौजूद रहे। संचालन धन्नजय मिश्रा ने किया।
इन्हें मिला बढ़ोत्तरी का प्रतीकात्मक चेक
लोहिया कला भवन में आयोजित लोहिया कला भवन में शिक्षा मित्र सम्मान व मानदेय वितरण समारोह में जिन शिक्षा मित्रों को मानदेय बढ़ोत्तरी का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया, उनमें साधना श्रीवास्तव, रूकमिणा पटेल, रामजीत मौर्या, अजीमुद्दीन खां, राम मूरत, धर्मेन्द्र कुमार त्रिपाठी, विमला देवी, रवींद्र यादव, चंद्रभान, रंजना गुप्ता शामिल थे।





