प्राथमिक शिक्षक संघ ने खोला मोर्चा, मांगें नही मानने पर आंदोलन की चेतावनी
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा को मांगपत्र सौंपकर 31 जुलाई तक समस्या समाधान की मांग किया है। समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। संगठन के अध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी और मंत्री योगेन्द्र पाण्डेय ने मांगपत्र में बताया कि दिवंगत शिक्षक उमेश मिश्रा व अमरनाथ के आश्रितों की पारिवारिक पेंशन और ग्रेच्युटी की फाइलें लंबे समय से कार्यालय में लंबित हैं, जिससे पीड़ित परिवार मानसिक व आर्थिक तंगी झेल रहे हैं।
इसके साथ ही जनपद के सैकड़ों शिक्षकों के सामान्य भविष्य निधि अग्रिम और स्थायी आहरण के आवेदन अटके हुए हैं, और पुरानी पेंशन नीति वाले शिक्षकों को आज तक अपडेटेड जीपीएफ पासबुक या वार्षिक लेखा पर्ची भी जारी नहीं की गई है।इसके अलावा जुलाई 2016 में नियुक्त समस्त शिक्षकों के वेतन पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया एकसमान रूप से पूरा नहीं किया गया।नियम 22-(बी) के बावजूद कई शिक्षकों को लाभ से वंचित रखा गया है। पदाधिकारीद्वय ने बताया कि 31 जुलाई तक मांगे पूर्ण न होने पर धरना दिया जाएगा।
लेखाधिकारी व पदाधिकारियों के बीच वार्ता करने के लिए
उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के मांगपत्र पर वित्त एवं लेखाधिकारी अभिनय सिंह ने पदाधिकारियों को बुधवार को अपराह्न 5 बजे वार्ता के लिए बुलाया है।





