सिद्धार्थनगर रेलवे: कोच इंडिकेटर खराब, टैक्सी स्टैंड की मनमानी से यात्री परेशान
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिल रही सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। सामाजिक संस्था टीम यशोभूमि की ओर से पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को भेजे गए दो अलग-अलग शिकायत पत्रों में स्टेशन की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए त्वरित सुधार की मांग की गई है। पहली शिकायत में स्टेशन पर लगे कोच इंडिकेटर के लंबे समय से खराब पड़े होने का मुद्दा उठाया गया है।
अध्यक्ष एवं प्रबंधक संतोष श्रीवास्तव की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने के दौरान यात्रियों को कोच की सही स्थिति की जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे उन्हें इधर-उधर भागना पड़ता है। खासतौर पर बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांग यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति भी बन रही है। दूसरी ओर, संस्था ने स्टेशन परिसर में यात्रियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार का भी मुद्दा उठाया है।
शिकायत के अनुसार जब कोई यात्री अपने निजी दोपहिया या चार पहिया वाहन से स्टेशन परिसर में थोड़े समय के लिए लगेज उतारने आता है तो अधिकृत टैक्सी स्टैंड के कर्मचारी उनसे जबरन शुल्क मांगते हैं। विरोध करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग और कभी-कभी मारपीट की नौबत तक आ जाती है, जिससे यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहता है।
संस्था ने इन दोनों मामलों को गंभीर बताते हुए रेलवे प्रशासन से मांग की है कि खराब कोच इंडिकेटरों की तत्काल जांच कर उन्हें दुरुस्त कराया जाए। साथ ही, स्टेशन परिसर में अवैध वसूली और दुर्व्यवहार करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए यात्रियों के लिए स्पष्ट और व्यवस्थित ड्रॉप-ऑफ जोन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। टीम यशोभूमि के अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव का कहना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो यात्रियों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।





