गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए जुटे शिक्षक
अजीत सिंह
उसका बाजार। ब्लाक संसाधन केंद्र सभागार में शनिवार को प्रधानाध्यापकों, प्रभारियों एवं नोडल शिक्षकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यू-डायस पोर्टल पर नवीन नामांकन की गत वर्ष से तुलना, बच्चों की अपार आईडी निर्माण तथा यू-डायस व प्रेरणा पोर्टल के नामांकन अंतर की समीक्षा की गई।
साथ ही ड्रॉपबॉक्स में प्रदर्शित बच्चों के इंपोर्ट, निपुण भारत मिशन के तहत आकलन, निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विद्यालयवार कार्ययोजना और निपुण तालिका, शिक्षक डायरी, ट्रैकर व संदर्शिका के अनुरूप शिक्षण कार्य पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अतिरिक्त पुस्तक व यूनिफॉर्म वितरण का प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड, निर्वाचन कार्य, प्रिंट रिच मटेरियल, बिग बुक, गणित व साइंस किट सहित टीएलएम के उपयोग तथा शिक्षक संकुल द्वारा डीसीएफ भरने की स्थिति परखी गई। कक्षा पांच व आठ उत्तीर्ण विद्यार्थियों के अगली कक्षा में प्रवेश, स्वजनगणना की प्रगति, स्मार्ट क्लास संचालन, विद्यालय कायाकल्प, प्रशस्त ऐप की 10 वीडियो ट्रेनिंग व बच्चों की स्क्रीनिंग और अन्य शैक्षिक कार्यों की भी समीक्षा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार यादव ने कहा कि सभी प्रधानाध्यापक और निर्धारित प्रारूप के अनुसार शत-प्रतिशत सूचनाएं समय से पूर्ण करें। निर्देश दिया कि निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति और शिक्षण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।





