डायट में आयोजित विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण हुए संपन्न
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। बांसी स्थित डायट पर जिले के एसआरजी, एआरपी और शिक्षकों के दो विषयों का चल रहा प्रशिक्षण शुक्रवार को संपन्न हो गया। प्राथमिक, कम्पोजिट, उच्च प्राथमिक और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के शिक्षकों के बीच कराए गए सर्वे के आधार पर आईसीटी का कक्षा शिक्षण में उपयोग और विद्यालयी नेतृत्व क्षमता विकास विषय पर प्रशिक्षण हुआ। डायट प्रवक्ता डा. श्रवण कुमार अग्रहरि ने बताया कि डायट द्वारा तैयार किया गया आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण मॉड्यूल उन्नयन के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वहीं दूसरा प्रशिक्षण परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण से जुड़े आंकड़ों की समझ विकसित कराना और उन्हें विद्यालय स्तर पर शैक्षणिक सुधार के लिए प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए तैयार करना था। कार्यशाला को संबोधित करते हुए डायट प्रवक्ता मोहम्मद यूनुस ने कहा की परख के आंकड़ों के आधार पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और कमजोरियों को समझा जा सकता है। संदर्भदाता अनुराग श्रीवास्तव द्वारा परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 की पृष्ठभूमि राष्ट्रीय व उत्तर प्रदेश के डैशबोर्ड का प्रदर्शन, रिपोर्ट संरचना राष्ट्रीय एवं राज्य की तुलना के अंतर्गत रुब्रिक निर्माण पर चर्चा की गई।
संदर्भदाता उत्कर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि परख के अंतर्गत मिले डाटा का किस प्रकार विद्यालय स्तर तक पहुंचाकर शिक्षण पद्धति में सुधार लाया जा सकता है। कार्यशाला में समूहवार जिले स्तर पर प्रमुख अधिगम अंतरालों का विश्लेषण तथा हस्तक्षेप क्षेत्र की पहचान हेतु रोडमैप संबंधी वर्कशीट पर भी कार्य कराया गया। कार्यशाला का समन्वयन डायट प्रवक्ता फुरकान अहमद ने किया। इसमें सतीश कुमार धवन, डा. प्रतिभा सिंह, डा. मंजुला, सत्येंद्र सिंह, विष्णु त्रिपाठी, अंशुमान सिंह, अपूर्व श्रीवास्तव, प्रशांत सिंह, अमित मणि त्रिपाठी, नरेंद्र यादव, बीजी पटेल, संगीता श्रीवास्तव, जेपी गुप्ता, अनिरुद्ध मौर्य, आदर्श मिश्र, कौशल किशोर आदि मौजूद रहे।





