विकसित समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की बुनियाद बहुत आवश्यक है- संतोष श्रीवास्तव
सदर ब्लाक के कंपोजिट विद्यालय लमतिहवा में शिक्षा चौपाल
उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षक सम्मानित, होनहार बच्चे पुरस्कृत
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। शनिवार को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सदर ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल लमतिहवा में शिक्षक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए टीम यशोभूमि के संस्थापक अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने कहा कि एक विकसित समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षा एक बुनियादी आवश्यकता है। बुनियादी शिक्षा से सभी बच्चों को जोड़ने के लिए सरकार द्वारा नि: शुल्क यूनिफॉर्म सहित मध्यान्ह भोजन एवं अन्य विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं चलाई जा रही हैं।
हम सबको बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति में अपना सहयोग देना चाहिए, जिससे सभी बच्चे निपुण हों और निपुण उत्तर प्रदेश, निपुण भारत का सपना साकार हो सके। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बाबा सुमेरदास ने शैक्षिक गीत प्रस्तुत कर जनसमुदाय को अभिप्रेरित किया। शिक्षा चौपाल में उत्कृष्ट शैक्षिक कार्य के लिए साधना श्रीवास्तव, संघशील झलक, रोमा उपाध्याय, विजया यादव, गीता चौधरी एवं हुस्न आरा आदि शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए नोडल शिक्षक संकुल नियाज़ अहमद ने बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, उपस्थिति एवं ठहराव के लिए शिक्षकों एवं समुदाय के बीच परस्पर समन्वय पर बल दिया। शिक्षा चौपाल में राम सुभग, अरुण त्रिपाठी, देवेंद्र त्रिपाठी, अमित द्विवेदी, विशाल कुमार आदि शिक्षकों सहित मीना, राधिका, चंद्रावती, इंद्रावती, चयनमती, खदेरू, किसलावती एवं बड़ी संख्या में बच्चों की उपस्थिति रही।





