MLC चुनाव 2026: गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से ध्रुव कुमार त्रिपाठी भाजपा प्रत्याशी, समर्थकों में भारी उत्साह
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टी ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक (MLC) रहे ध्रुव कुमार त्रिपाठी पर दांव खेलते हुए अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा के इस कदम से उनके समर्थकों और शिक्षक समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने वर्ष 2008, 2014 और 2020 के चुनावों में लगातार जीत हासिल कर इस सीट पर अपनी मजबूत पकड़ बनाई थी। तीन बार चुनाव जीतने के बाद अब 2026 के चुनाव में भाजपा का आधिकारिक समर्थन मिलने से चुनावी समीकरण बेहद दिलचस्प हो गए हैं। हालांकि 2020 के चुनाव में भाजपा ने इन्हें टिकट नमः देकर मौन समर्थन दिया था और उससे पहले वे दो बार शर्मा गुट के समर्थन से MLC बनने में कामयाब रहे थे।
समर्थकों ने मनाया जश्न
प्रत्याशी बनाए जाने की खबर मिलते ही गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, अयोध्या समेत मंडल के विभिन्न जिलों में उनके समर्थकों और शिक्षकों ने खुशी जाहिर की। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। शिक्षकों का कहना है कि ध्रुव त्रिपाठी ने हमेशा विधान परिषद में शिक्षकों के अधिकारों और मांगों को मुखरता से उठाया है। भाजपा के साथ आने से इस बार उनकी जीत का अंतर और बड़ा होना चाहिए।
5 अक्टूबर को दाखिल करेंगे नामांकन
निर्वाचन आयोग की समय-सारणी के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ध्रुव कुमार त्रिपाठी 5 अक्टूबर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। वहीं, समाजवादी पार्टी ने इस सीट से कमलेश यादव को मैदान में उतारा है, जिससे मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा है।





