उसका ब्लाक में गुणवत्तापूर्ण कार्य न मिलने पर कार्य रोका, निर्माण सामग्री वापस किया

October 23, 2021 8:34 AM0 commentsViews: 504
Share news

अजीत सिंह

सिद्धार्थनगर। विकास खंड उसका बाजार के ग्राम फुलवरिया में मनरेगा से हो रहे कार्य का उपायुक्त श्रमरोजगार संजय शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य गुणवत्तायुक्त न पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मौके पर ही उन्होंने निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया और सामग्री को वापस करने का निर्णय लिया। भविष्य में मानक विहीन कार्य पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बताया जाता है कि उपायुक्त श्रम रोजगार संजय शर्मा ने शुक्रवार को विकास खंड उसका बाजार के ग्राम फुलवरिया में मनरेगा के तहत हो रहे दो कार्यों का औचक निरीक्षण किया। फुलवरिया गौरा में मेन रोड से दामोदर के खेत तक इंटरलाकिंग कार्य एवं फुलवरिया गौरा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय से दामोदर के खेत तक इंटरलाकिंग कार्य का मौके पर निरीक्षण किया, जहां उन्होंने गुणवत्तायुक्त कार्य न होने पर संबंधित को कड़ी फटकार लगाई और हो रहे कार्य को तत्काल रोकने तथा प्रयुक्त हो रही सामग्री को भी वापस कराने की कार्रवाई की।

डीसी मनरेगा संजय शर्मा ने बताया कि जिले में मनरेगा के तहत हो रहे कार्यों में गुणवत्तायुक्त कार्य होने के सिलसिले में निरीक्षण करने फुलवरिया गया था। जहां हो रहे दो कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान मानक विहीन कार्य मिला। कार्य पर रोक लगाते हुए प्रयोग में ली जा रही सामग्री को वापस कराया गया। उन्होंने बताया कि गुणवत्तायुक्त कार्य कराने में लापरवाही बरतने वाले लोगों पर उत्तरदायी तय करते हुए अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को संस्तुति की जाएगी।

Leave a Reply