उसका धर्मसिंहवा मार्ग का होगा चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण- श्यामधनी राही
आजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश सरकार द्वारा लोक निर्माण विभाग द्वारा बहुप्रतीक्षित उसका–अजगरा–धर्मसिंहवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए ₹16 करोड़ 24 लाख 70 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कपिलवस्तु (सदर) विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि इस सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से न केवल ग्रामीण एवं कस्बाई इलाकों का आपसी संपर्क बेहतर होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचना भी आसान होगा। साथ ही यह मार्ग क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा। यह स्वीकृति कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण एवं बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और सड़क निर्माण जैसी योजनाएं ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं। विधायक श्यामधनी राही ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कपिलवस्तु विधानसभा की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त की है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना शीघ्र पूर्ण होकर आमजन को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करेगी और क्षेत्र के विकास को गति देगी।





