देश की समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए भाजपा कर रही वर्चुअल सभाएं – काली चरन यादव

June 9, 2020 1:46 PM0 commentsViews: 224
Share news

आरिफ मकसू

इटवा, सिद्धार्थनगर । वैश्विक महामारी कोरोना के कारण भारी संख्या में तबाह हुए आम लोगों के गुस्से से घबराई भाजपा वर्चुअल सभाओं के जरिये सब्जबाग दिखाकर आम लोगों को ठगने की जुगत में है। जनता को इससे सावधन होने की जरूरत है।

उक्त बातें  समाजवादी युवा महासंघ के जिला अध्यक्ष एंव वार्ड नम्बर 12 से जिला पंचायत सदस्य के भावी प्रत्याशी कालीचरन यादव ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के अनियोजित लॉकडाउन का खामियाजा आम लोगों खासकर कामगारों को भुगतना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का सपना दिखाया था, लेकिन भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था धड़ाम हो गई है। दुनिया के देशों से सबक न लेकर भाजपा सरकार ने नोटबंदी की तर्ज पर ही कोरोना पर अंकुश लगाने की आड़ में बिना किसी पूर्व तैयारी के लॉकडाउन लागू कर दिया। लॉकडाउन लागू करने के पूर्व अन्य राज्यों और महानगरों में फंसे मजदूरों को सकुशल उनके घर भेजने की माकूल व्यवस्था नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया है कि लॉकडाउन के चलते देश में चल रही अफरा-तफरी के बीच ऐसा माहौल बना कि कोरोना पीड़ित पायलट हवाई जहाज उड़ाने लगा और ट्रेन रास्ता भटकने लगी। इसके साथ ही मजदूर सड़कों पर मरने लगे। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि भाजपा सरकार ने दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का कोई प्रयास नहीं किया और मजदूरों को उनके भाग्य भरोसे छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूर्व में तैयारी कर लॉकडाउन लागू किया होता तो देश की जनता को इस तरह से दुश्वारियां नहीं झेलनी पड़ती।

कालीचरन यादव  ने दावा किया है कि देश में इस समय भाजपा के प्रति आम जनता में जमकर गुस्सा है। भाजपा को भी इस गुस्से का ज्ञान हो गया है। जनता का ध्यान लॉकडाउन के कारण देश में उपजी समस्याओं से हटाने के लिये भाजपा इस समय वर्चुअल सभाओं के जरिये जनता को रिझााने का प्रयास कर रही है।





Leave a Reply