अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस पर नर्सिंग कर्मियों ने लिया मरीजों की सेवा का संकल्प

May 12, 2026 6:37 PM2 commentsViews: 147
Share news

अजीत सिंह 

सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के मल्टी पर्पज हॉल में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस नर्सिंग कर्मियों द्वारा उत्साहित वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नर्सिंग कर्मियों के सेवा, समर्पण और अनुशासन को सराहते हुए उनके योगदान को चिकित्सा व्यवस्था का अभिन्न अंग बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ चिकित्सकों और अधिकारियों ने नर्सिंग स्टाफ की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. झा, उप प्राचार्य डॉ. हसमतुल्लाह, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नम्रता चौधरी, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. सी.बी. पांडेय एवं हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. ऋचा राव द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. झा ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग सेवा चिकित्सा क्षेत्र की आत्मा है।

मरीजों की देखभाल से लेकर उपचार प्रक्रिया तक नर्सों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि नर्सें केवल स्वास्थ्यकर्मी नहीं, बल्कि सेवा और मानवता की जीवंत मिसाल हैं, जो हर परिस्थिति में धैर्य और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती हैं।

बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नम्रता चौधरी ने कहा कि नर्सों की करुणा, धैर्य और समर्पण चिकित्सा सेवा को प्रभावी और मानवीय बनाता है। वहीं सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. सी.बी. पांडेय, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. आशीष पांडेय तथा हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. ऋचा राव ने नर्सिंग पेशे को अनुशासन, जिम्मेदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक बताते हुए कहा कि किसी भी अस्पताल की सफलता में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका केंद्रीय होती है।

इस दौरान नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने केक काटकर अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस का उत्सव मनाया। साथ ही सभी नर्सिंग कर्मियों ने मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग ऑफिसर श्रीश श्रीवास्तव एवं शिव कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में डॉ. अजहर अली, चीफ फार्मासिस्ट डॉ. गोविंद प्रसाद ओझा, नर्सिंग आफिसर सरोज पांडेय, संदीपा, उपासना, मधुबाला मैसी, ममता, पूजा भारती, रंजना जायसवाल, सीमा कुमारी, सीमा यादव, रूपाली यादव, शिल्पी सिंह, राधारानी, अर्चना गुप्ता, रेनू मिश्रा, अमर चौबे, रश्मि, आकांक्षा त्रिपाठी, काजन, अनुष्का, पूजा चौधरी, पंकज पासवान, मीरा, पिंकी, सीमा, महिमा चौधरी, नीलम मैसी आदि उपस्थिति रही।

Leave a Reply