युवा संवाद में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा
अजीत सिंह
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उसका खंड के तत्वावधान में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को मधवापुर स्थित चन्द्रावती पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज में हुआ। कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण, सामाजिक दायित्व एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूक करने पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक राघवेंद्र ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही राष्ट्र निर्माण की धुरी हैं और देश का भविष्य युवाओं के विचार, चरित्र एवं संस्कारों पर निर्भर करता है। आवश्यकता है कि युवा केवल भौतिक सुख-सुविधाओं तक सीमित न रहें, बल्कि राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति अपने दायित्वों को भी समझे। कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विविध कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र की मूल भावना, भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं कर्तव्यबोध से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
प्रत्येक युवा को अपने व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ सामाजिक, राष्ट्रीय एवं स्थानीय स्तर पर अपनी भूमिका का निर्धारण करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, महाराणा प्रताप, सुभाष चंद्र बोस एवं रानी लक्ष्मीबाई जैसे महान व्यक्तित्वों के त्याग, साहस, संघर्ष एवं राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक सुमित, डॉ. सोवरन सिंह, सौरभ, अमित उपाध्याय, सुरेश रैना उपस्थित रहे।





